दीपचंद्र दीक्षित/फर्रुखाबाद। विगत दिनों अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम कुइयां में जिला पंचायत सदस्य एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश पाठक के घर हुई डकैती की घटना को समाजवादी पार्टी ने गंभीर साजिश करार दिया है। घटना में राजेश पाठक के दो भतीजे गंभीर रूप से घायल हुए थे। बुधवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचा और घटना की जानकारी ली।
पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सत्ता ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि यह घटना केवल साधारण डकैती नहीं बल्कि राजेश पाठक की हत्या की साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को यह जानकारी रहती है कि राजेश पाठक शनिवार और रविवार को अपने पैतृक निवास पर रुकते हैं और क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात करते हैं। ऐसे समय में उनके घर को निशाना बनाया जाना गहरी साजिश की ओर संकेत करता है।
उन्होंने कहा कि हालांकि पुलिस प्रशासन कार्रवाई कर रहा है और लखीमपुर में इस घटना से जुड़े एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर भी हुआ है, लेकिन घटना में शामिल आरोपी सीतापुर और हरदोई जनपद के बताए जा रहे हैं। इतनी दूर से आए अपराधियों द्वारा सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम देना सामान्य लूट की घटना नहीं माना जा सकता। उन्होंने मांग की कि घटना का पूरी पारदर्शिता के साथ खुलासा किया जाए तथा इसके पीछे शामिल साजिशकर्ताओं के चेहरों को बेनकाब किया जाए। साथ ही राजेश पाठक और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश सचिव एवं अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर और निंदनीय है। यदि समाज के संभ्रांत लोग भी स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे तो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा का एहसास कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने बताया कि घटना के दौरान बदमाशों ने राजेश पाठक के दो भतीजों के साथ मारपीट की, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। वहीं दूसरे युवक ने लगभग 100 मीटर तक बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग भी की, लेकिन युवक ने साहस दिखाते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना की सभी परतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ. जे.पी. सिंह वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला सचिव विनीत परमार, विधानसभा अध्यक्ष अमृतपुर उदय प्रताप सिंह, भोला यादव, जिला सचिव शैलेश अवस्थी, ब्लॉक अध्यक्ष राजेपुर रुकमंगल सिंह यादव, जिला कमेटी सदस्य हर्ष सोमवंशी, प्रधान युसूफ पटेल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अरविंद कश्यप, शिवम दिवाकर, प्रशांत अवस्थी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।