ओम प्रकाश तिवारी 
अरेराज, पूर्वी चंपारण। बाबा सोमेश्वर नाथ धाम में आयोजित श्रावणी मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों और कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सावन के पवित्र माह में बाबा सोमेश्वर नाथ धाम में सेवा का अवसर मिलना सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि जलाभिषेक और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर एवं फुलवारी में मुख्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां तीन पालियों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार एवं मार्ग सहित 12 चिन्हित स्थलों पर भी तीन पालियों में दंडाधिकारी और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी के लिए 17 गश्ती दल गठित किए गए हैं, जो तीन पालियों में लगातार भ्रमण करेंगे। इसके अतिरिक्त मेला परिसर के 11 संवेदनशील स्थानों पर अलग से दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित होकर पूरी सतर्कता से कार्य करें। ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को नियमित रूप से औचक निरीक्षण कर उपस्थिति की जांच करने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात ने कहा कि पुलिस बल श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पुलिसकर्मी अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

संयुक्त ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।