विभूति सिंह/भागलपुर

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव द्वारा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था,अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित की जाने वाली भ्रामक सूचनाओं पर सतत नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार अथवा परीक्षा की पवित्रता भंग करने के प्रयास के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।