दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
जामताड़ा जिला के मिहिजाम नगर के स्टेशन रोड पर रविवार को नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। सत्यमेव जयते फाउंडेशन, मिहिजाम के सचिव राजेन्द्र शर्मा ने आमजनों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जामताड़ा जिला प्रशासन के जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त बुकलेट ड्रग्स के कुचक्र को तोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो का वितरण किया गया। लोगों को बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को खोखला कर देता है। युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा और खेल से जुड़ना चाहिए। राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि यदि कोई नशे की लत में फंस गया है तो घबराए नहीं। टोल फ्री नंबर 112 पर संपर्क कर निःशुल्क परामर्श और इलाज की सुविधा ली जा सकती है। प्रशासन की ओर से नशा मुक्ति के लिए हेल्पलाइन और पुनर्वास केंद्र की व्यवस्था है। अभियान के दौरान दुकानदारों, राहगीरों और युवाओं को बुकलेट दी गई। लोगों ने पहल की सराहना की और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। फाउंडेशन ने आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही। हालांकि जिला प्रशासन की इस मुहिम से मिहिजाम में नशे के खिलाफ सकारात्मक माहौल बन रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस महत्वपूर्ण अभियान से कितने लोग नशा से मुक्त हो पाएंगे। जिला से लेकर नगर स्तरीय स्वास्थ विभाग कर्मचारियों ने भी रोजाना नशे के सेवन के दुष्प्रभाव बताते हुए नशे से दूरी की बात कही है।