दिनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, जामताड़ा शाखा की पहली कार्यकारिणी बैठक सोमवार को उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड प्रदेश मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रांतीय अध्यक्ष प्रभा पाडिया एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष ललिता सरायवाला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके जामताड़ा आगमन पर समिति की सदस्याओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक के दौरान संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रांतीय पदाधिकारियों ने शाखा की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने, सदस्याओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक एवं सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही संगठन के भविष्य की नई कार्ययोजना और गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विस्तार से मंथन किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष प्रभा पाडिया ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसकी एकजुटता, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी सदस्याओं से समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वहीं, प्रांतीय कोषाध्यक्ष ललिता सरायवाला ने संगठन के सुचारु संचालन, वित्तीय पारदर्शिता तथा योजनाबद्ध कार्यशैली पर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। बैठक में जामताड़ा शाखा की सभी सदस्याएँ उपस्थित रहीं और उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। प्रांतीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन से सदस्याओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। बैठक प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी ने संगठन की सामाजिक भूमिका को और मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने का संकल्प लिया। इसकी जानकारी समिति की मीडिया प्रभारी पूनम नारनौलिया ने दी।