दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार तक पहुंचने का रास्ता बूथ से होकर जाता है, इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
पार्टी प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र भोजपुर के खिमसेपुर में बूथ संख्या 62, 63, 64 और 65 की वोटर लिस्ट की स्कैनिंग की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कहा गया कि वर्ष 2027 का चुनाव समाजवादियों के लिए “करो या मरो” जैसा होगा। बड़े स्तर की रणनीति पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट पर पूरी ताकत के साथ जुटना चाहिए। नेताओं ने कहा कि बिना बूथ पर मजबूत पकड़ बनाए सरकार नहीं बन सकती।
कार्यकर्ताओं से कहा गया कि उन्हें सिर्फ अपनी-अपनी पोलिंग स्टेशन पर फोकस करना है। छोटी-छोटी चीजें ही आगे चलकर बड़े परिणाम तय करती हैं। नेताओं ने 2022 विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय प्रदेश स्तर पर माहौल अनुकूल था, लेकिन बूथ स्तर पर अपेक्षित मजबूती नहीं बन पाई, जिसका नुकसान पार्टी को उठाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 60 से अधिक सीटें बहुत कम अंतर से हारी गई थीं। यदि वोटर लिस्ट और बूथ स्तर पर बेहतर तरीके से काम किया गया होता तो आज स्थिति अलग हो सकती थी।
इस मौके पर बीएलए दीपक श्रीवास्तव, अवधेश प्रजापति, विनीश वर्मा, दिलीप श्रीवास्तव, सुनील कमल, शशांक कमल समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।