राजु मंडल /रफ्तार मीडिया सवाददाता/ गांडेय

​गांडेय प्रखण्ड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय राताबाहियार में बच्चों के निवाले और पोशाक गबन का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के सचिव अजय कुमार सिंह पर मध्याह्न भोजन का 12 पेटी चावल और बच्चों के बीच वितरण के लिए आया स्वेटर गबन करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा ग्रामीणों की पड़ताल के बाद हुआ।

*​एक महीने से बंद था मध्याह्न भोजन*

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में पिछले एक महीने से मध्याह्न भोजन बंद था। जब ग्रामीणों ने स्कूल के सचिव अजय कुमार सिंह से इसका कारण पूछा, तो उन्होंने स्कूल में चावल नहीं होने का हवाला देकर बात टाल दी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से मामले की छानबीन शुरू की, जिससे गबन का यह पूरा मामला उजागर हुआ। पड़ताल के दौरान आरोपी शिक्षक के पास से गबन किया गया चावल और दो बोरा स्वेटर भी बरामद किया गया।

*​ग्रामीणों ने की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग*

घटना के विरोध में स्कूल प्रांगण में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें उचित कार्रवाई की मांग को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में आरोपी सचिव अजय कुमार सिंह से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
​बैठक में पूर्व मुखिया सह भाजपा गांडेय मंडल अध्यक्ष प्रकाश यादव, वार्ड सदस्य गिरधारी गोप, मनोज मोदी समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।