सरायकेला: गुवा गोलीकांड के वीर शहीदों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिक्षाविद सह झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता केपी सोरेन ने शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।इस अवसर पर केपी सोरेन ने कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड के इतिहास की एक महत्वपूर्ण और दर्दनाक घटना है। जल, जंगल और जमीन तथा अपने हक-अधिकार के लिए संघर्ष करने वाले वीर शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।उन्होंने कहा कि शहीदों के संघर्ष और त्याग ने झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान की। आने वाली पीढ़ियों को भी वीर शहीदों के संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए काम करना चाहिए।केपी सोरेन ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह समाज को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने शहीदों के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी गुवा गोलीकांड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।