काजल मित्रा/सालानपुर:पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि क्षेत्र में बिजली गुल होने, तार टूटने, ट्रांसफार्मर में खराबी या अन्य विद्युत समस्या होने पर रूपनारायणपुर स्थित इलेक्ट्रिक ऑफिस का लैंडलाइन फोन घंटों बजता रहता है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलता। इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारी और स्टेशन मास्टर स्तर के कर्मचारी भी मोबाइल फोन उठाना जरूरी नहीं समझते। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों का कहना है कि आखिर आम जनता अपनी समस्या लेकर जाए तो कहां जाए? कई ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए बार-बार फोन करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती, जिससे लोगों में असुरक्षा और नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने तीखा सवाल उठाया है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे या विद्युत दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जनता ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर जवाबदेही तय करने और 24 घंटे सक्रिय शिकायत व्यवस्था शुरू करने की मांग की है।