डॉ विभूति सिंह/भागलपुर

पुलिस अधीक्षक नवगछिया श्री वैभव शर्मा के निर्देश पर जिले के टॉप-10 अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के कुख्यात 50 हजार के इनामी अपराधी रोशन कुमार को भवानीपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।

*जेपी कॉलेज के पास से हुई गिरफ्तारी*
 
दिनांक 01.08.2026 को गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भवानीपुर थाना अंतर्गत जेपी कॉलेज के पास एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान हत्या, लूट एवं अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे रोशन कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में उसके किराए के कमरे से 01 देसी कट्टा एवं 02 जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध भवानीपुर थाना कांड संख्या 185/26, दिनांक 01.08.2026 शस्त्र अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

*6 संगीन मामलों में वांछित था रोशन* 

पुलिस के अनुसार रोशन कुमार, पिता रामसती यादव, साकिन लतरा थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर का रहने वाला है। यह नवगछिया जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था और इसके सिर पर 50 हजार का इनाम घोषित था।

रोशन के खिलाफ गोपालपुर, कटिहार नगर और भवानीपुर थाने में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 6 संगीन आपराधिक कांड दर्ज हैं। इनमें गोपालपुर थाना कांड संख्या 222/10, 252/14, 114/20, 334/25, कटिहार नगर थाना कांड संख्या 937/17 शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर पूरी टीम को बधाई दी है और कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।