रांची:अमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड द्वारा “करियर: स्कूल के बाद करियर की दिशा” विषय पर एक एक्सटेंशन/आउटरीच गतिविधि का आयोजन शुक्रवार को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, बरियातु में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 12 के बाद छात्रों को उनके करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना और सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।
अमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश स्टडीज़ एंड रिसर्च के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक के. श्रीवास्तव ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं। यह पहल एसडीजी-4 (गुणवत्ता शिक्षा) के अनुरूप थी, जिसमें छात्रों को शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इंग्लिश विभाग के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और विभिन्न करियर विकल्पों पर चर्चा की। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. नवीन शर्मा और डॉ. दीक्षा वर्मा द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में सत्र प्रभावशाली रहा।
इस अवसर पर अमिटी यूनिवर्सिटी की एडमिशन टीम की सुश्री सुष्मिता और श्री अनुप कुमार ने भी छात्रों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, करियर योजना और उभरते अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपने लक्ष्य तय करने, कौशल विकास पर ध्यान देने और भविष्य की दिशा को लेकर स्पष्टता प्राप्त हुई। यह पहल विद्यार्थियों को जागरूक करने और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त मंच साबित हुई।