रफ़्तार मिडिया /तमाड़ /संवाददाता
तमाड़। प्रखंड के नव पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अनिल कुमार मिंज ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। सीओ सह प्रभारी बीडीओ समरेश प्रसाद भंडारी ने उन्हें विधिवत प्रभार सौंपा। इस अवसर पर समरेश प्रसाद भंडारी ने गुलदस्ता भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण के बाद प्रखंड सभागार में परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी तथा कर्मी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नये बीडीओ का स्वागत करते हुए प्रखंड के विकास कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद जताई। मौके पर बीडीओ अनिल कुमार मिंज ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के सहयोग से विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का भरोसा दिलाया।