रिपोर्ट रोहित कुमार/बिजनौर

 बिजनौर में रोडवेज स्थित जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय पर बीजेपी की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की ओर से चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर बीजेपी का पक्ष रखा। बीजेपी ने चुनाव आयोग की ओर से जारी स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।

बीजेपी की ओर से जारी पत्रकार वार्ता के मुख्य बिंदुओं में कांग्रेस को अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमियों पर आत्ममंथन करने की सलाह दी गई। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों को छिपाने के लिए बार-बार देश की संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।

 बीजेपी ने चुनाव आयोग की ओर से जारी संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी एसआईआर समेत प्रमुख फैसले आयोग की सहमति से लिए गए हैं। बीजेपी के मुताबिक, 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद संयुक्त प्रेस स्टेटमेंट जारी किया गया था।

वहीं कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजे गए कथित पत्र को लेकर भी बीजेपी ने कांग्रेस के दावों पर सवाल उठाए। बीजेपी ने चुनाव आयोग के हवाले से कहा कि यह पत्र आयोग की किसी नीति या आईटी विभाग से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी से जुड़े प्रशासनिक मामले से संबंधित था।

 फॉर्म-6 को लेकर लगाए गए कांग्रेस के आरोपों को भी बीजेपी ने खारिज किया। बीजेपी का कहना है कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। पत्रकार वार्ता में सुप्रीम कोर्ट के 27 मई 2026 के आदेश का भी हवाला दिया गया। बीजेपी ने कहा कि मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग लगातार काम कर रहा है।

 बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर चुनाव आयोग, ईवीएम और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाने का आरोप लगाया। पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी के अलग-अलग मौकों पर दिए गए बयानों और उनसे जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए गए आरोपों को लेकर माफी मांगने की मांग की गई। फिलहाल चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बीजेपी ने कांग्रेस से अपने आरोपों पर आत्ममंथन करने की बात कही है। वहीं इन मुद्दों को लेकर सियासी बहस आगे भी जारी रहने के आसार हैं।