स्थान: आदापुर (मोतिहारी)
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में मोतिहारी पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल बॉर्डर ले जाए जा रहे चार गाय एवं एक बछड़ा को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में संलिप्त एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि आदापुर थाना क्षेत्र के ग्राम इनरवा से पशुओं की तस्करी कर उन्हें नेपाल सीमा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद आदापुर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार गाय और एक बछड़ा बरामद कर लिया तथा मौके से एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया।
रेस्क्यू किए गए सभी पशुओं को पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया है। वहीं, निरुद्ध किए गए विधि विरुद्ध बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
मोतिहारी पुलिस ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।