दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।
काठीकुंड प्रखंड क्षेत्र के काठीकुंड प्रधान टोला में मां मनसा की प्रतिमा स्थापित कर अपार श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ पूजा अर्चना संपन्न हुई। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र मां मनसा के जयकारों से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। पूजा के दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं ने दिनभर उपवास रखकर माता की भक्ति की। संध्या समय पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए बारी (कलश) लेकर पूजा स्थल पहुंचे, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां मनसा की विशेष पूजा-अर्चना शुरू की गई। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, निरोगी काया और सर्पदंश से रक्षा की कामना करते हुए माता के चरणों में मत्था टेका।
आयोजन को लेकर पूजा समिति द्वारा पूजा मंडप और भव्य पंडाल को बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया था। बुधवार सुबह परंपरा के अनुसार बकरे की बलि दी गई, वहीं रात में मां मनसा की प्रतिमा की भव्य शोभा यात्रा निकालने के पश्चात पास के जलाशय में भक्तिमय माहौल के बीच विसर्जन किया गया। इस पूरे धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के दौरान समिति के विजय पाल, शंभू पाल, आकाश पाल, विकास पाल, प्रकाश पाल, उदित पाल, गोपाल पंडित, सूरज पाल, ओमप्रकाश पाल, राजू भगत सहित अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मुस्तैद रहे।