गुमला: आगामी वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 में जिले के विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री कविता खलखो की अध्यक्षता में डायट गुमला में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तय करते हुए परीक्षा तैयारी को मिशन मोड में संचालित करने का निर्देश दिया गया। ज्ञात हो कि इस वर्ष राज्य स्तरीय रैंकिंग में गुमला जिला मैट्रिक में प्रथम, इंटर आर्ट्स में प्रथम, विज्ञान में द्वितीय एवं वाणिज्य में तृतीय स्थान पर रहा था और अगले वर्ष भी जिले के इस श्रेष्ठ प्रदर्शन को बनाए रखने हेतु उपायुक्त गुमला के निर्देश अनुसार कार्य आरंभ किए जा रहे हैं ।

इस बैठक में एडीपीओ ज्योति खलखो, कार्यक्रम पदाधिकारी दिलदार सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अमृत मेटे, डायट संकाय सदस्य सुन्दरम भारद्वाज, जिला टास्क फोर्स समिति के सदस्य डॉ. कृष्ण कुमार, प्रमोद कुजूर, जयंत पांडे, दीपक राम, सुमित कुमार नंद सहित विषयवार शैक्षणिक कोर समिति के सभी चयनित शिक्षक एवं जिले के सभी सरकारी, अल्पसंख्यक, स्थापना स्वीकृति प्राप्त एवं अन्य माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

बैठक में जिला स्तरीय शैक्षणिक कोर समिति का आवश्यकतानुसार पुनर्गठन करते हुए सभी शिक्षक सदस्यों को बोर्ड परीक्षार्थियों की तैयारी के लिए अभी से ही सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। कोर टीम को कक्षा 10 एवं 12 के लिए विषयवार एवं वर्गवार नोट्स, अभ्यास सामग्री और मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर नियमित रूप से विद्यालयों तक उपलब्ध कराने तथा सभी विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को उसका दैनिक अभ्यास कराने को कहा गया।

*सितंबर में अर्धवार्षिक परीक्षा, नवंबर तक पूरा होगा सिलेबस*

बोर्ड परीक्षा की तैयारी को मजबूत करने के लिए आगामी सितंबर माह में अर्धवार्षिक परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी एवं विषयवार कमजोरियों का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कक्षाएं एवं अभ्यास कराया जाएगा।
सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया कि आगामी नवंबर माह तक बोर्ड परीक्षार्थियों का पूरा पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए, ताकि इसके बाद प्री-बोर्ड परीक्षा एवं संपूर्ण पाठ्यक्रम के रिवीजन के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

विद्यालयों में  जैक पैटर्न आधारित प्रश्नों के नियमित अभ्यास, प्रतिदिन गृहकार्य, प्रत्येक शनिवार छोटे-छोटे टेस्ट तथा साप्ताहिक रिवीजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए अपडेटेड टाइम टेबल के अनुसार नियमित कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया।

*हर विद्यार्थी की प्रगति पर होगी नजर*

डीईओ कविता खलखो ने कहा, “बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम अंतिम समय की तैयारी से नहीं, बल्कि नियमित और योजनाबद्ध अभ्यास से प्राप्त होता है। प्रत्येक विद्यालय में दैनिक अभ्यास, साप्ताहिक टेस्ट और रिवीजन की व्यवस्था सुनिश्चित हो तथा कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग मिले। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करे।”

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाने के लिए पीटीएम एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं और बच्चों को घर पर स्वाध्याय के लिए भी प्रेरित किया जाए।

*ऑनलाइन शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति तथा शैक्षणिक कार्यों पर भी जोर*
उपायुक्त गुमला के निर्देशों के अनुरूप बैठक में छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षकों की दो बार उपस्थिति एवं दैनिक ऑनलाइन छात्र उपस्थिति समय पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही सावित्रीबाई फुले एवं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, अपार आईडी एवं पेन संख्या, आधार सत्यापन सहित अन्य ऑनलाइन गतिविधियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित पूरा करने को कहा गया।

बैठक में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अमृत मेटे ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने, नियमित मार्गदर्शन देने और टीम भावना के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारी को परिणामपरक बनाने का आह्वान किया।