मोतिहारी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में MY Bharat, पूर्वी चंपारण द्वारा रविवार को महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी में "नशामुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करना तथा "विकसित भारत–2047" के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राध्यापक, शोधार्थी, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा स्वयं एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारित किया गया। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त भारत अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उपस्थित युवाओं ने उनके संदेश को गंभीरता से सुनते हुए इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सब रजिस्ट्रार दीपक हुडा, बंजरिया बीडीओ अजय कुमार प्रिंस, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. अनुपम वर्मा, डॉ. जुगल किशोर, डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला, डॉ. कुदन कुमार रजक, समाजसेवी रविशंकर, रानू कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जिला युवा अधिकारी सुश्री अंकिता ने स्वागत भाषण में कहा कि MY Bharat युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त मंच है। उन्होंने युवाओं से MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा मंत्रालय की विभिन्न स्वयंसेवी एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने "नशामुक्त युवा–विकसित भारत" की शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।

अभियान के तहत पूर्वी चंपारण के सभी 27 प्रखंडों में भी एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा क्लबों, पंचायतों एवं विभिन्न संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से 30 हजार से अधिक युवाओं ने "नशामुक्त पूर्वी चंपारण" एवं "विकसित भारत" के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सोशल वर्क विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

— ओम प्रकाश तिवारी
ब्यूरो चीफ, रफ्तार मीडिया | मोतिहारी