केरेडारी: एनएमएल केरेडारी कोयला खनन परियोजना ने कोयला हैंडलिंग अवसंरचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए अपने कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) और कैंटिलीवर कन्वेयर प्रणाली का सफल लोड ट्रायल पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि परियोजना के एकीकृत कोयला परिवहन एवं प्रसंस्करण तंत्र को पूर्ण रूप से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

परियोजना प्रमुख अरुण कुमार सक्सेना के नेतृत्व में संपन्न हुए इस ट्रायल के दौरान डंप हॉपर से सर्ज हॉपर तक नवस्थापित कन्वेयर नेटवर्क के माध्यम से कोयले का सफल प्रवाह सुनिश्चित किया गया। इसके साथ ही सिम्प्लिसिटी कैंटिलीवर कोल डिस्चार्ज सिस्टम का भी सफल संचालन किया गया।

ट्रायल की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पहली बार एकीकृत सीएचपी प्रणाली के जरिए कोयले की फीडिंग और क्रशिंग प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इससे परियोजना की कोयला हैंडलिंग क्षमता और परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।

परियोजना प्रबंधन के अनुसार यह सफलता परियोजना, संचालन एवं अनुरक्षण टीमों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। इस उपलब्धि के साथ एनएमएल केरेडारी परियोजना अब पूर्ण कमीशनिंग तथा बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

यह सफलता न केवल परियोजना के तकनीकी विकास को दर्शाती है, बल्कि भविष्य में उत्पादन लक्ष्य हासिल करने की दिशा में भी एक मजबूत आधार तैयार करती है।