झारखंड के जामताड़ा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपायडीह गांव के पास पुलिस वाहन खराब हो गया। बताया जा रहा है कि इसी मौके का फायदा उठाकर सुजीत सिन्हा ने पुलिस के एक जवान का हथियार छीन लिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, भागते समय उसने जवानों को निशाना बनाकर फायरिंग भी की। इसके बाद जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुजीत सिन्हा को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस मुठभेड़ को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।