लोकेशन=बस्ती यूपी /रिपोर्ट=धर्मेन्द्र द्विवेदी 

14 नवंबर शनिवार को जहां देश भर यह दिन बाल दिवस के रूप में हर्षौल्लास के साथ मनाया गया तो वहीं बस्ती जिले में भी सभी स्कूलों में बाल दिवस हर्षौल्लास के साथ मनाया गया।
इसी क्रम जिले में स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल सुरेंद्र नगर कटरा-बस्ती व इसी स्कूल के वाल्टरगंज में स्थित शाखा के प्रांगण में बाल दिवस के शुभ अवसर पर रंगारंग कार्यक्रमों के बीच फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्ले-वे से 5वीं तक के सैकड़ों  विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विशाल मेले का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा विविध प्रकार के व्यंजनों के साथ सुखाद्य स्टाल लगाए गए, जिसका विद्यार्थियों ने खूब उत्साह के साथ आनंद उठाया। सुबह से ही विद्यालय परिसर बच्चों के चहल-पहल और उत्साह से गूंजता रहा। 
उक्त प्रतियोगिता का प्रारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह  एवं प्रधानाचार्या  अपर्णा सिंह  ने संयुक्त रूप से दीप-प्रज्वलन, सरस्वती की पावन प्रतिमा, पं० जवाहरलाल नेहरू तथा विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीया  मधुरानी सिंह  के चित्रों पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन तथा पूजन-अर्चन करके किया। तत्पश्चात 7वीं एवं 8वीं की होनहार छात्राओं में नबीहा ने अपने समस्त सहयोगियों के साथ 'शारदे माँ भवानी' सरस्वती वंदना नामक गीत पर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान मंच की ओर आकर्षित करते हुए पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया।
कार्यक्रम के शुभारंभोपरांत प्रतियोगिता प्रारंभ हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने प्राचीन से लेकर नवीन तक, पाश्चात्य से लेकर भारतीय रंग-बिरंगे परिधानों से सुसज्जित होकर अपनी कला का जौहर बिखेरते हुए सभी का मन मोह लिया। सुसज्जित परिधानों में खिले हुए चेहरे और आत्मविश्वास से भरे कदम-ताल बरबस सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करते हुए यह सिद्ध कर रहे थे कि प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती है। 
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के सदस्यों में पूजा जयसवाल, अभिलाषा, रुचि ने अपनी उपस्थिति से प्रतियोगिता की गरिमा को बढ़ाते हुए सभी प्रतिभागियों के विषय के अनुरूप परिधानों का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए, बच्चों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ निष्पक्ष और सराहनीय निर्णय के साथ सर्वसम्मत से विजेताओं के नाम घोषित किए। 
कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रबंधक महोदय ने अपने सारगर्भित संबोधन में प्रतिभागियों के उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पं० जवाहरलाल नेहरू के जीवन-चरित्र पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कल्पना शक्ति को प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच है, जहाँ बच्चे अपनी प्रतिभा को निखार कर अपनी सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। अंत में उन्होंने सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 
कार्यक्रम को अपने ओजस्वी विचारों से ऊँचाई प्रदान करते हुए माननीय निदेशक राहुल सिंह जी ने व्यक्तित्व के बहुआयामी विकास में इस प्रकार की प्रतियोगिता की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा विजेताओं, प्रतिभागियों एवं समस्त विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं। 
प्रतियोगिता के उपरांत शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा बच्चों के लिए लगाए गए फूड स्टाल, खेल प्रतियोगिता आदि आकर्षण के केंद्र बिंदु रहे। शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा बनाए गए पौष्टिक व स्वादिष्ट आकर्षक व्यंजनों की प्रस्तुति ने सभी विद्यार्थियों का मन जीत लिया। हेल्दी स्नैक्स, पारंपरिक व्यंजन, मीठे पकवान को ग्रहण कर बच्चों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के परिश्रम की प्रशंसा की। 
खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत शूटगन, तीरंदाजी, मोमबत्ती बुझाओ इनाम पाओ, बैलून बैलेंसिंग खेलों को खेलकर बच्चों ने लुत्फ उठाया। शिक्षकों के द्वारा बच्चों के लिए किए गए मेले के आयोजन में प्रबंधक , निदेशक एवं प्रधानाचार्या ने सभी स्टालों का निरीक्षण कर शिक्षकों के द्वारा बच्चों के लिए किए गए प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्रधानाचार्या  के आशीर्वादात्मक संबोधन और आभार ज्ञापन से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायक मंडल तथा समस्त सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार ज्ञापित किया। पूरे दिन विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जिसमें बच्चों की खुशी व उत्साह देखते ही बन रहा था। 
कार्यक्रम को सफल बनाने में तन्मय पाण्डेय, राजमणी वर्मा, निष्ठा पाण्डेय, प्रीती अस्थाना, मधु सिंह, श्रद्धा सिंह, वैभव पाण्डेय, सुभाष मणि तिवारी, संध्या तिवारी, अंशु, सुस्मिता आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।