गंजडुंडवारा (कासगंज): नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के मुख्य बाईपास मार्ग पर हर मंगलवार को लगने वाले ‘मंगल बाजार’ के कारण स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित दुकानदारी की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस समस्या से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं।
*स्कूली बच्चों की सुरक्षा और आवागमन पर संकट*
जिस बाईपास रोड पर यह साप्ताहिक बाजार सजता है, वहीं से महज 300 से 400 मीटर की दूरी पर एक स्थानीय महाविद्यालय भी स्थित है। बाजार वाले दिन सड़कों पर दुकानें सज जाने और लोगों की भारी भीड़ उमड़ने के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं और छोटे बच्चों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संकरी हुई सड़क से गुजरते समय हादसे का डर हमेशा बना रहता है।
*मुख्य बाईपास पर लगता है जाम*
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग नगर का प्रमुख बाईपास है, जिससे होकर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद हर हफ्ते सड़क पर खुलेआम अतिक्रमण कर बाजार लगवाया जाता है, जिससे पूरा बाईपास पूरी तरह से ठप हो जाता है
।
*अधिशासी अधिकारी को नहीं ‘संज्ञान’, प्रशासन मौन*
जब इस गंभीर समस्या और वायरल वीडियो के संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नासिर जी से बातचीत की गई, तो उन्होंने अपनी अनभिज्ञता जताते हुए कहा, "मैं इस समय बाहर हूँ और मुझे इस मामले का संज्ञान नहीं है। कल वापस आकर इस पूरे मामले की जानकारी करवाता हूँ।"
अधिशासी अधिकारी के इस जवाब के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सवाल यह उठता है कि नगर के मुख्य मार्ग पर हफ्तों से लग रहे इस अवैध बाजार की जानकारी आखिर जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं है? नगर पालिका और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की इस खामोशी पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल वीडियो के बाद अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कोई ठोस और सख्त कार्रवाई करता है या फिर आम जनता और स्कूली छात्र हर मंगलवार यूं ही जाम की परेशानी झेलने को मजबूर रहेंगे।