हरियाणा के शिक्षा मंत्री  महीपाल ढांडा के नेतृत्व में वीरवार को पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में नागरिक, युवा, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का जोश देखने को मिला।

 

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सेक्टर-13-17 स्थित श्याम कमल जिला भाजपा कार्यालय से हुआ। यात्रा सेक्टर-13-17, अंसल, नूरवाला अड्डा और बरसत रोड से होते हुए जिला सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पर पहुंची, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। युवा मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लेकर आगे बढ़ते दिखाई दिए, वहीं बड़ी संख्या में नागरिक पैदल यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। तिरंगे लहराते युवाओं और नागरिकों की मौजूदगी ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

 

इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे हाथ में लहराने वाला ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चल रहे तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति गर्व और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आज पानीपत ग्रामीण में उमड़ा जनसैलाब यह संदेश दे रहा है कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए हर नागरिक पूरी तरह प्रतिबद्ध है। युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।

 

यात्रा में मेयर कोमल सैनी, पूर्व मेयर अवनीत कौर, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, जिला परिषद चेयरमैन ज्योति शर्मा व अन्य गणमान्य़ लोग मौजूद रहे।