logo

जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित चमेली देवी ने किया नामांकन, भ्रष्ट व्यवस्था के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई का ऐलान

जामताड़ा से दिनबंधु:  जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित प्रत्याशी चमेली देवी ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नगर क्षेत्र के सैकड़ों मतदाताओं की उपस्थिति से माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।नामांकन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चमेली देवी ने कहा कि यह चुनाव जामताड़ा को वर्षों से चले आ रहे कठपुतली राज और भ्रष्ट व्यवस्था से मुक्त कराने का निर्णायक अवसर है।उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु भैया के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना और नगर क्षेत्र में जनता का राज स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से नगर पंचायत पर काबिज़ लोगों ने कठपुतली की आड़ में भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दे दिया है और योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाने के बजाय केवल 2–4 संवेदकों के बीच ठेकों का बंदरबाँट किया गया। चमेली देवी ने कहा कि नगर क्षेत्र में 100 से अधिक पंजीकृत संवेदक आज भी काम से वंचित हैं। उनकी सरकार बनने पर पारदर्शी व्यवस्था लागू कर सभी को समान अवसर दिया जाएगा।नगर की बदहाल व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मच्छर फॉगिंग मशीन पिछले दस वर्षों से निष्क्रिय है और सेप्टिक टैंक सफ़ाई की मशीन ख़राब पड़ी है, जो वर्तमान अध्यक्ष की लापरवाही का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में बाज़ार और व्यापारियों के बीच भय का माहौल है, जिसे चुनाव परिणाम के साथ ही समाप्त कर जामताड़ा को भयमुक्त वातावरण दिया जाएगा, ताकि व्यापार, विकास और विश्वास को मजबूती मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित राज्य के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जामताड़ा को आज चमेली देवी जैसी साहसी और ईमानदार नेत्री की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता का शासन स्थापित होगा।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS