चतरा जिले के हंटरगंज-पांडेयपुरा मुख्य मार्ग पर कारनी मोड़ के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। यहां एक डीजे लदी सवारी गाड़ी पलटने से 20 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे प्रतापपुर के घोड़दौड़ गांव से चार युवक गाड़ी में पेट्रोल भरवाने पांडेयपुरा जा रहे थे। इसी दौरान कारनी मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। मृतक अभिषेक के घर में चचेरे भाई की बारात जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस घटना से पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। पांडेयपुरा पिकेट प्रभारी सुनील दुबे ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक घायल हेमंत कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।