संवाददाता - राजन साहू

*कानपुर।* अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे नरवल थाने की अब तस्वीर बदलने जा रही है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए थाना भवन का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे।

बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं महाराजपुर विधायक सतीश महाना और पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि महाराजपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। नए थाने के बनने से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और क्षेत्र की जनता को भी सुविधा होगी।

पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि पुराना थाना भवन काफी जर्जर हो चुका था, जो अंग्रेजों के समय का बना हुआ था। नई बिल्डिंग में आधुनिक सुविधाएं, सीसीटीवी, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल और बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। पुलिसकर्मियों के लिए बनाए जा रहे आवासों से उन्हें ड्यूटी के दौरान रहने में सहूलियत मिलेगी।

करीब 16 करोड़ रुपये की इस परियोजना को नरवल क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।

शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।