रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट। पालकोट थाना क्षेत्र के कोलेंग पंचायत अंतर्गत चिरोडीह तेतर चावरा गांव निवासी 55 वर्षीय हेमंती देवी की अज्ञात अपराधियों ने टांगी से मारकर हत्या कर दी।घटना शनिवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। हत्या की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार हेमंती देवी, पति बिरसु नगेसिया, शनिवार को मिर्चा बेचने के लिए कोठी टोली बाजार गई थीं। बाजार में मिर्चा बेचने के बाद वह वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पागल डेरा नाला के समीप सुनसान स्थान का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने टांगी से वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद रविवार को मृतका के पति बिरसु नगेसिया ने पालकोट थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पालकोट थाना के एसआई देवनरायन महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि अपराधियों की तलाश की जा रही है और हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।