दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 


शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यालय के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से जामताड़ा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पाकडीह में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता वार्ड सदस्य मुस्तफा अंसारी ने की, जबकि पर्यवेक्षक के रूप में मनबोध मांझी उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में पारदर्शी एवं सर्वसम्मति की प्रक्रिया के तहत नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मेहनाज खातून को समिति का अध्यक्ष तथा कामदेव भंडारी को उपाध्यक्ष चुना गया। चयन की घोषणा होते ही उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों नवचयनित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ एवं सुरक्षित विद्यालय परिसर, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।उपस्थित लोगों ने विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प भी लिया। पर्यवेक्षक मनबोध मांझी ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति केवल एक औपचारिक समिति नहीं, बल्कि विद्यालय और समाज के बीच मजबूत सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि समिति के सक्रिय सहयोग से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं अध्यक्षता कर रहे वार्ड सदस्य मुस्तफा अंसारी ने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ विद्यालय हित में कार्य करने की अपील की।बैठक में उप मुखिया असीमा खातून, विद्यालय के सचिव शम्मी सुल्ताना, सहायक शिक्षक संजय दास, वार्ड सदस्य गौतम बाउरी, इमरान अंसारी, गुफरान अंसारी, समसुल अंसारी, रूपा कुमारी, मेदून खातून, ललित बाउरी, सुषमा खातून सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।