फतह सिंह उजाला
मानेसर। नगर निगम मानेसर की डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने गांव हरसरू में गुरुग्राम-पटौदी रोड़ को माॅडल रोड़ के रूप में विकसित करने की परियोजना नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया। लगभग 6 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के निर्माण एवं सौदर्यीकरण पर नगर निगम 7 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च करेगा। इस दौरान उनके साथ पार्षद रिपु शर्मा, पार्षद कंवरपाल चौहान, दीपक चौहान, सुकेश प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शुभारंभ समारोह के दौरान डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने कहा कि नगर निगम मानेसर क्षेत्र में बेहतर सड़क नेटवर्क और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं सहित विकास के कार्य कर रहा है। गुरुग्राम-पटौदी रोड़ निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में से एक है, इस रोड़ से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। इस सड़क को माॅडल बनाने यातायात सुगम और सुरक्षित होगी। मॉडल परियोजना के तहत जल निकासी व्यवस्था, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट, आधुनिक ट्रैफिक लाइटें आदि सुविधाएं होंगी। उन्होंने कहा कि निगम विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगा। निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।