रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी (Government Job) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 (JISCCE 2026) के तहत विभिन्न विभागों में 326 नियमित पदों (Regular Vacancies) पर भर्ती की घोषणा की है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित तिथियों के बीच ऑनलाइन आवेदन (Online Application) कर सकेंगे।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
भर्ती प्रक्रिया के अनुसार 20 जुलाई 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा शुल्क जमा करने, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त रहेगी। वहीं आवेदन में त्रुटि सुधार (Application Correction) के लिए 21 से 23 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया है।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत हेल्थ सुपरवाइजर (Health Supervisor), मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर (Multipurpose Health Worker), मत्स्यकी तकनीकी सहायक (Fisheries Technical Assistant), इंसेक्ट कलेक्टर (Insect Collector), वेटनरी सहायक (Veterinary Assistant) और कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक (Junior Field Investigator) समेत कुल 326 पदों को भरा जाएगा।
परीक्षा शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये तय किया गया है। वहीं झारखंड के एससी (SC) और एसटी (ST) वर्ग के उम्मीदवारों को 50 रुपये शुल्क देना होगा। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
कैसे होगी परीक्षा
आयोग की ओर से परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) या ओएमआर (OMR) पद्धति से आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में सफल होने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विस्तृत सिलेबस (Syllabus), शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य नियमों की जानकारी अभ्यर्थी JSSC के आधिकारिक नोटिफिकेशन से प्राप्त कर सकते हैं।