दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राजेपुर पुलिस ने शनिवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 38 कार्टन आतिशबाजी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई कस्बा राजेपुर में की गई। यहां से संजीव पुत्र राधेश्याम, रोहित कुमार पुत्र अरविंद और संदीप कुमार पुत्र रामविलास निवासी राजेपुर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 33 छोटे-बड़े कार्टन आतिशबाजी बरामद हुई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई जमापुर रोड पर की गई, जहां पुलिस ने गौरव कुमार पुत्र अरविंद को पांच कार्टन अवैध आतिशबाजी के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने दीपावली पर बिक्री कर मुनाफा कमाने के लिए सस्ते दामों पर पटाखे खरीदकर जमा किए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।