सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू के कारोबार और परिवहन पर शिकंजा कसते हुए आदित्यपुर पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। नियमित गश्त के दौरान टोल ब्रिज के समीप पुलिस ने अवैध बालू से लदे एक बिना नंबर प्लेट वाले ओवरलोडेड हाइवा को जब्त कर लिया। वाहन को कब्जे में लेकर आदित्यपुर थाना लाया गया है, जबकि मामले की सूचना जिला खनन विभाग को भेज दी गई है।आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस टीम टोल ब्रिज क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध हाइवा को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि वाहन में क्षमता से अधिक बालू लदा हुआ था और उस पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।पुलिस ने चालक से बालू के उठाव एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध बालू परिवहन का प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त कर लिया।थाना प्रभारी ने कहा कि बिना नंबर प्लेट और बिना वैध दस्तावेजों के खनिज का परिवहन पूरी तरह गैरकानूनी है। पूरे मामले की सूचना जिला खनन विभाग को दे दी गई है। विभागीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के आधार पर संबंधित अधिनियमों के तहत दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और बिना वैध अनुमति के खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।