सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा  सरायकेला नगर समिति ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं ईचागढ़ के लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय सुधीर महतो की 70वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई। इस अवसर पर सरायकेला स्थित जोबा माझी संसदीय कार्यालय में उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके संघर्ष, जनसेवा और झारखंड निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती ने कहा कि स्व. सुधीर महतो झारखंड आंदोलन के मजबूत स्तंभ और जनभावनाओं के सच्चे प्रतिनिधि थे। उन्होंने छात्र आंदोलन से लेकर विधानसभा और उपमुख्यमंत्री पद तक हर जिम्मेदारी को ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाया।नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्व. महतो ने ईचागढ़ सहित पूरे झारखंड की आवाज को मजबूती से उठाया।उन्होंने उनके संघर्षपूर्ण जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। वहीं नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक न्याय, जनसेवा और झारखंड के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर बड़ी संख्या में झामुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।