दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को जामताड़ा कोर्ट रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा के लोगों को जल्द ही स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने वाली है।जामताड़ा सदर अस्पताल में सात विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों स्वास्थ्य विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। नियुक्ति प्राप्त करने वालों में 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर तथा 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं।उन्होंने कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि झारखंड की सुदृढ़, आधुनिक और जनोन्मुखी स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि जब तक झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह सशक्त और व्यवस्थित नहीं हो जाती, तब तक वे चैन से बैठने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से झारखंड डॉक्टरों की भारी कमी की समस्या से जूझ रहा था, लेकिन सरकार ने इस चुनौती को अवसर में बदलने का काम किया है। उन्होंने बताया कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए फाइनेंशियल बिडिंग मॉडल के माध्यम से राज्य के बाहर के विशेषज्ञ डॉक्टरों को झारखंड में सेवा देने के लिए आमंत्रित किया गया। इस अभिनव पहल को अभूतपूर्व सफलता मिली और देश के विभिन्न हिस्सों से चिकित्सक स्वयं झारखंड में अपनी सेवाएं देने के लिए आगे आए। इसका सकारात्मक प्रभाव राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई देने लगा है।प्रेस वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के मेझिया में बनने वाले मेडिकल कॉलेज को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों इसका शिलान्यास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद जामताड़ा में ही डॉक्टर तैयार होंगे और यहीं रहकर लोगों की सेवा करेंगे। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वे स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। इसी अनुभव के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए यह गौरव और खुशी का क्षण होगा तथा इससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। मौके पर निसापति हांसदा,अजहरुद्दीन अंसारी, मोहम्मद इरशाद उल हक आरसी, भागीरथ पंडित, दानिश हुसैन, तनवीर आलम सहित अन्य उपस्थित थे।