सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में 15वें वित्त आयोग योजना के तहत स्वीकृत छह विकास योजनाओं का जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।शिलान्यास की गई योजनाओं में लेटेमदा पंचायत के पुड़ियाडीह टोला में दो आरसीसी पुलिया निर्माण, बेरासीसिरुम पंचायत के खिजुरटांड टोला में चबूतरा निर्माण, चौड़ा पंचायत के चौड़ा ग्राम स्थित इमामबाड़ा में छतनुमा चबूतरा निर्माण, मस्जिद के सामने हाईमास्ट लाइट अधिष्ठापन तथा चौड़ा ग्राम में इफरान अली के तालाब के जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं।इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुलिया, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं के विकास से गांवों में लोगों का जीवन अधिक सुगम होगा। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से सभी योजनाओं को पूरा करने का निर्देश भी दिया।कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, पंचायत प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।