दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट-मसेनी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट रविवार सुबह दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात में प्लाटिंग कारोबारी की उनकी पत्नी और दो वर्षीय बेटे के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बेहद नजदीक से सिर में दो गोलियां दागने के बाद सफेद रंग की कार से फरार हो गए। सरेआम हुई इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद जनपद के थाना चंदावली क्षेत्र के दयालपुर निवासी 32 वर्षीय अरुण सिंह, पुत्र सुरेंद्र सिंह, अपनी पत्नी राखी और दो वर्षीय पुत्र जयंत के साथ कार से यात्रा पर निकले थे। रास्ते में मसेनी रोड स्थित एक किराना स्टोर पर अरुण कोल्ड ड्रिंक और बेटे के लिए चॉकलेट खरीदने के लिए रुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तभी उनका पीछा कर रही सफेद रंग की कार दुकान के बाहर आकर रुकी। उसमें सवार दो युवक तेजी से नीचे उतरे और अरुण सिंह के सिर में बेहद करीब से ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही अरुण सिंह दुकान के बाहर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मसेनी चौराहे की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा तथा थाना कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल अरुण सिंह को तत्काल 108 एंबुलेंस से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक की पत्नी राखी का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि मासूम बेटा पूरी घटना से अनजान रहा।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, कारोबारी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।