शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।

शिकारीपाड़ा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 23 जून 2026 को प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। यह तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता 25 जून 2026 तक चलेगी, जिसमें प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों की टीमें अपना दमखम दिखाएंगी।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि अंचलाधिकारी शिकारीपाड़ा कपिल देव ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रकाश हाॅंसदा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के समन्वयक सचिव  प्रभुनाथ हाॅंसदा और जामूगड़िया के मुखिया  गैब्रियल मराण्डी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए खेल को खेल की भावना से खेलने और जीवन में अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। इस टूर्नामेंट में प्रखंड के सभी विद्यालयों से अंडर-17 बालक, बालिका और अंडर-15 बालक वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले ही दिन दर्शकों को एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अंडर-17 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला प्लस टू उच्च विद्यालय शिकारीपाड़ा और उच्च विद्यालय चकलता के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अंत तक एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। निर्धारित समय की समाप्ति पर उच्च विद्यालय चकलता की टीम ने 4-3 के अंतर से बाजी मारते हुए खिताबी मुकाबले में जीत दर्ज की।
इस पूरी खेल प्रतियोगिता के सफल और सुचारू संचालन में खेल प्रेमियों और आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिल कुमार, रीना गोस्वामी, अल्पना दत्ता, पुरुषोत्तम कुमार, जॉर्ज पी हेंम्ब्रम, जियनधन सोरेन, जोयन हाॅंसदा, संदीप सिंह, नयन कुमार हेरेंज, प्रीतम मरांण्डी, सिल्वेस्टर सोरेन, सुरेंद्र कुमार के साथ-साथ प्रखंड के नोडल पदाधिकारी निरंजन कुमार सिंह एवं रामानंद घोष ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल को लेकर स्थानीय युवाओं और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।