हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की पहल से जिला महेंद्रगढ़ के उपमंडल कनीना स्थित गांव बाघोत में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33 केवी विद्युत बिजलीघर बनकर तैयार हो गया है।  बिजली घर में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है तथा मशीनों की स्थापना के साथ अंतिम तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार अगस्त माह से यहां से नियमित विद्युत आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व बाघोत क्षेत्र के ग्रामीणों ने उन्हें बिजली संबंधी समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि सरकार बनने पर इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। आज यह वादा पूरा हो गया है और बाघोत का 33 केवी बिजलीघर तैयार होकर क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य गांवों तक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

 

तीन नए 11 केवी फीडरों से होगा बिजली आपूर्ति तंत्र सुदृढ़

नए 33 केवी बिजलीघर से बाघोत एपी, बाघोत डोमेस्टिक तथा राजावास-सयाना एपी सहित तीन नए 11 केवी फीडरों का संचालन किया जाएगा। इससे बाघोत, सयाना तथा आसपास के लगभग आधा दर्जन गांवों के हजारों घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध होगी।

इस बिजली घर के चालू होने से बिजली का संतुलित वितरण सुनिश्चित होगा, जिससे लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग तथा बार-बार होने वाली बिजली कटौती जैसी समस्याओं में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही किसानों को सिंचाई कार्यों के लिए पर्याप्त एवं सुचारु बिजली उपलब्ध होने से कृषि गतिविधियों को भी महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा।