संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिले में संभावित बाढ़ एवं नदी कटाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले के वरीय अधिकारियों के साथ मंगलवार को सुगौली अंचल अंतर्गत विशुनपुरवा वार्ड संख्या-01 स्थित कटाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटाव की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा बाढ़ प्रमंडल ढाका के कार्यपालक अभियंता को कटाव रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक एवं एहतियाती कार्य तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नदी किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कटाव से बचाव के लिए सभी जरूरी कदम समय रहते उठाए जाएं।
इस दौरान अंचल अधिकारी, सुगौली ने जिलाधिकारी को बताया कि सिकरहना नदी पुल के समीप नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है, जिससे फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और राहत एवं बचाव से संबंधित सभी तैयारियां पूरी रखने का भी निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, मोतिहारी, अंचल अधिकारी, सुगौली तथा बाढ़ प्रमंडल ढाका के अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ एवं कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।