धनबाद (पूर्वी टुण्डी): झारखंड और बिहार के बीच सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पूर्वी टुण्डी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार की मुस्तैदी से एक शातिर अपराधी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है।
मुख्य बिंदु:
गिरफ्तार आरोपी: नेहाल कुमार यादव, निवासी कटिहार (बिहार)।
बरामदगी: अपाचे बाइक (JH09AT 0528), मास्टर की और GIVA मोबाइल।
लोकेशन: पोखरिया मोड़ के पास, पूर्वी टुण्डी।
फिल्मी अंदाज में हुआ पीछा
घटना शनिवार तड़के करीब 3:00 बजे की है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ गश्ती पर थे। तभी गोविन्दपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को देखकर रफ्तार बढ़ा दी। पोखरिया मोड़ के पास खुद को घिरता देख अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागा, लेकिन पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
बिहार ले जाने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाइक को बोकारो से चोरी कर बिहार ले जा रहा था। उसने बताया कि उसका गिरोह अब बिहार के साथ-साथ झारखंड के जिलों में भी सक्रिय हो गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पास से बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाली 'मास्टर चाबी' भी मिली है। पुलिस ने कांड संख्या 27/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
धनबाद रफ्तार मीडिया संवाददाता गोवर्धन रजक की रिपोर्ट।