हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में सड़कों को अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए करोड़ों रुपए की लागत से 10 महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत होगी, जिससे लाखों वाहन चालकों को लाभ मिलेगा। सड़कें मजबूत होने से अम्बाला छावनी के विकास को गति मिलेगी, साथ ही नागरिकों का जीवन स्तर और सुधरेगा।

 

विज ने बताया कि 9.75 करोड़ रुपए की लागत से छावनी के विभिन्न क्षेत्रों में 10 सड़कों की मरम्मत के लिए राज्य सरकार से मंजूरी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द सड़कों की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा टेंडर लगाए जाएंगे जिससे आगे कार्य शुरू हो सके। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि नन्हेड़ा, रंगिया मंडी, मच्छौंडा, चंद्रपुरी, रामगढ़ माजरा, दलीपगढ़, पंजोखरा साहिब, मंडौर, धूलकोट, मुनरहेड़ी आदि इलाकों में सड़कों की मरम्मत की जाएगी।