कासगंज: कासगंज पुलिस ने नाबालिग से कुकर्म के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमन पुत्र अतर सिंह को गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र में पटवारी पुलिया के पास से पकड़ा गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। यह घटना 1 अप्रैल 2026 की है।
पुलिस को 1 अप्रैल 2026 को गंजडुंडवारा थाने में एक तहरीर मिली थी। वादी ने बताया कि अमन पुत्र अतर सिंह, निवासी ग्राम मौर्या, ने उसके नाबालिग बच्चे के साथ कुकर्म किया है। इस संबंध में थाना गंजडुंडवारा में मु0अ0सं0 76/2026, धारा 115(2)/137(2) बीएनएस और 5m/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना का संज्ञान लेते हुए, कासगंज के पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी पटियाली श्री संदीप वर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को वांछित अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
लगातार प्रयासों के बाद, 1 अप्रैल 2026 की रात को गंजडुंडवारा पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त अमन पुत्र अतर सिंह को 8 घंटे के भीतर पटवारी पुलिया के पास घेर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया।
आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस 315 बोर के बरामद हुए हैं।
अभियुक्त की जान बचाने के लिए उसे तुरंत उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में स्थानीय थाने में एक और अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।