संवाददाता राजन साहू

 

कानपुर, 12 अगस्त उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मंगलवार को प्रयागराज-गोविंदपुरी रेलखंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फतेहपुर और गोविंदपुरी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, संरक्षा और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसरों में पेयजल, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था और यात्री आवागमन की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं देने के लिए सभी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण व रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण में रेलपथ, सिग्नल और ट्रैक के आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। नरेश पाल सिंह ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और परिचालनिक दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया।

इस दौरान प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी राघवेंद्र के. शर्मा, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर जावेद अख्तर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।