दीपचंद्र दीक्षित /नवाबगंज फर्रुखाबाद विकासखंड क्षेत्र नवाबगंज थाना क्षेत्र नवाब गंज क्षेत्र के गांव कक्योली स्थित प्रसिद्ध श्री रामताल आश्रम पर प्रति वर्ष लगने वाले विशाल मेले की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आगामी 25 मई को गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है।
मेले में भाग लेने के लिए दूर-दूर से दुकानदार अपनी दुकानें लेकर रामताल आश्रम परिसर पहुंचने लगे हैं। मेले में खिलौने, मिठाई, श्रृंगार सामग्री, घरेलू सामान एवं खानपान की दुकानों की सजावट शुरू हो चुकी है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भी मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्री रामताल आश्रम क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। गंगा दशहरा के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचकर रामताल में स्नान करते हैं और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से रामताल में स्नान करता है, उसके रोग, दोष और कष्ट दूर हो जाते हैं तथा जीवन में सुख-शांति का आगमन होता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।