सरायकेला: नगर पंचायत सरायकेला कार्यालय परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।समारोह में उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के पदाधिकारी-कर्मी, गणमान्य नागरिक, कलाकार एवं शहरवासी मौजूद रहे। समारोह के दौरान कला, संस्कृति, शिक्षा एवं सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘सरायकेला गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित छऊ मुखौटा गुरु सुशांत कुमार महापात्र, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार प्राप्त छऊ कलाकार कुना सामल, पीएचडी उपाधि प्राप्त डॉ. अमलेश सिन्हा तथा नगर की स्वच्छता में योगदान देने वाले दो सफाईकर्मियों को सम्मान मिला।अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि यह सम्मान सरायकेला की कला, संस्कृति, शिक्षा, श्रम और सेवा-भाव का सम्मान है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ, सुंदर, शिक्षित, सुरक्षित एवं विकसित सरायकेला के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।