गंजडुंडवारा (कासगंज)
जनपद कासगंज के नगर गंजडुंडवारा में गणेश विसर्जन पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी (CO) पटियाली अमित कुमार और कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने मौजूद सभी लोगों की समस्याओं और सुझावों को एक-एक कर ध्यानपूर्वक सुना।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अपील की कि त्योहार को पूरी सादगी और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से डीजे के प्रयोग को लेकर सख्त हिदायत दी कि साउंड को निर्धारित मानक और लिमिट में ही बजाएं, ताकि किसी बुजुर्ग, मरीज या आम नागरिक को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं कोतवाली प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने कहा कि गणेश विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्वक और नियम-कायदों के साथ संपन्न कराया जाए। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और मुस्तैद है ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने सभी से भाईचारे की मिसाल कायम करते हुए विसर्जन यात्रा निकालने की अपील की।
बैठक में उपस्थित शहर के संभ्रांत नागरिकों ने भी पुलिस-प्रशासन को हर संभव सहयोग देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिया