दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
अखिल भारतीय जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सीपीआई कार्यालय में विभिन्न वामपंथी एवं जन संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोहन मंडल ने की जिसमें आंदोलन की रणनीति तय करते हुए जिला स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि आंदोलन के माध्यम से खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, सम्मानजनक रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन तथा किसानों के लिए कानूनी एमएसपी और कर्जमाफी जैसी मांगें प्रमुखता से उठाई जाएंगी। इसके अलावा मनरेगा में कार्य दिवस और मजदूरी बढ़ाने, ऑनलाइन रसीद एवं पंजी-दो की त्रुटियों में सुधार, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, ठेका एवं अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग भी शामिल रहेगी। बैठक में मजदूर विरोधी बताए जा रहे चारों लेबर कोड सहित विभिन्न प्रस्तावित विधेयकों को वापस लेने, निजीकरण और ठेकाकरण पर रोक लगाने की मांग दोहराई गई। वक्ताओं ने 10 अगस्त के जिला स्तरीय जेल भरो आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में चंडी दास पुरी, लखन लाल मंडल, अशोक भंडारी, सुकुमार बाउरी, मुकीमा बीबी, मैना सिंह, आरती, भवानी और सोनामणि सहित विभिन्न जन संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।