दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
जामताड़ा जिला स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट जेबीसी प्लस टू उच्च विद्यालय में सोमवार को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन मतदान के माध्यम से किया गया। चुनाव को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा।अभिभावकों ने बड़ी संख्या में मतदान में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और विद्यालय प्रबंधन के लिए अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया का पर्यवेक्षण मलय कुमार माझी ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक एबीमाइल टुडू की देखरेख में मतदान एवं मतगणना की सभी प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं। इस दौरान नगर पंचायत के वार्ड संख्या 15 के वार्ड पार्षद पूनम देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन किया।वही अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच प्रत्याशी मैदान में थे।मतगणना के बाद तेमुन खातून को सर्वाधिक 5 मत प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं नीतू बरनवाल को 4 मत मिले, जबकि संजीव कुमार पाल, वासुदेव मंडल तथा संजय कुमार यादव को 3 - 3 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए अभय बरनवाल और जिया कुमार महतो के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना में जिया कुमार महतो को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि अभय बरनवाल को 7 मत मिले। इसके साथ ही जिया कुमार महतो विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेमुन खातून एवं उपाध्यक्ष जिया कुमार महतो को उपस्थित विद्यालय समिति के पूर्व अध्यक्ष उत्तम रवानी, वार्ड पार्षद पूनम देवी,अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बधाई दी। सभी ने आशा व्यक्त की कि नई समिति विद्यालय के शैक्षणिक विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, विद्यार्थियों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। वही विद्यालय परिसर में चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति के गठन के बाद विद्यालय के समग्र विकास, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। विद्यालय प्रबंधन ने भी विश्वास जताया कि नई समिति विद्यालय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।