दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
जामताड़ा शहर के सिद्धि ज्वेलर्स में बुधवार की शाम करीब पांच बजे ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने दुकानदार को झांसा देकर करीब एक लाख रुपये मूल्य के दो पेंडेंट लेकर फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार दीनदयाल अग्रवाल ने जामताड़ा थाना में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो अपने पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया। वही दुकानदार दीनदयाल अग्रवाल ने बताया कि दोनों युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने के आभूषण देखने लगे। उन्होंने पेंडेंट दिखाने को कहा। दुकानदार द्वारा कई पेंडेंट दिखाए जा रहे थे, इसी दौरान दोनों युवकों ने मौका पाकर दो नग पेंडेंट गायब कर दिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि वे महिला ग्राहक को लेकर वापस आएंगे। जाते समय दोनों ने दो हजार रुपये एडवांस भी दिए और दुकान से निकल गए। बाद में सामान की जांच करने पर दो पेंडेंट गायब मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल दुकान पहुंचा और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। वही चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जामताड़ा में लगातार चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।