दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो
जिले में बास्केटबॉल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ (BDBA) एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), चास के संयुक्त तत्वावधान में जिले के प्रथम बास्केटबॉल ट्रेनिंग सेंटर (अकादमी) का भव्य शुभारंभ किया गया। यह सेंटर झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं बोकारो जिला ओलंपिक संघ से संबद्ध है। इसका उद्देश्य जिले की युवा प्रतिभाओं को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बोकारो के उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने दीप प्रज्वलित कर अकादमी का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को पौधा भेंट कर स्वागत के साथ हुई। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, विद्यालय गान एवं आकर्षक ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति देकर समारोह को गरिमामय बना दिया।
अपने संबोधन में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि "खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समानता, टीम भावना, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण की सबसे बड़ी पाठशाला है। प्रत्येक व्यक्ति का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी वह स्वयं होता है, इसलिए निरंतर आत्म-सुधार ही सफलता का मूल मंत्र है।" उन्होंने कहा कि इस ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना से बोकारो के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर प्राप्त होंगे, जिससे भविष्य में जिले के खिलाड़ी झारखंड, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि संघ का उद्देश्य जिले के प्रत्येक क्षेत्र में बास्केटबॉल को लोकप्रिय बनाना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचाना है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डीपीएस चास की निदेशक-सह-प्राचार्या डॉ. मनीषा तिवारी ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल ट्रेनिंग सेंटर विद्यालय एवं जिले के खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट प्रशिक्षण का मंच साबित होगा और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रो वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने कहा कि खेल नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करते हैं।
समारोह के दौरान बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह, उपाध्यक्ष जे.के. सिंह, सचिव खनिया प्रसाद, संयुक्त सचिव जैबीर सिंह, कोषाध्यक्ष किंकर कृष्णा, वरिष्ठ सदस्य विनय कुमार दुबे, बच्चे खान सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल थे।
कार्यक्रम के समापन पर डीपीएस चास टीम एवं बोकारो जिला टीम के बीच एक रोमांचक प्रदर्शनी बास्केटबॉल मैच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन, टीमवर्क एवं खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया।