दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम :मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में पुलिस ने शुक्रवार तड़के हटिया रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, नकदी और ऑटो जब्त कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। 15 मई की सुबह करीब 3 बजे थाना प्रभारी प्रदीप राणा टीम के साथ हटिया रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस वाहन देखकर छिपने लगे। पकड़ने पर उन्होंने अपना नाम राहुल कुमार (25), निवासी भागलपुर और गोविंद कुमार (28), निवासी लखीसराय बताया। तलाशी में उनके पास से ऑफिसर चॉइस के शराब पाउच मिले। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने बताया कि स्टेशन के पास विक्की साव के घर के सामने एक ऑटो में और शराब रखी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तो ऑटो में तीन लोग मिले- संजय मालाकार (38), नालंदा, विक्की साव उर्फ गौतम कुमार (32) और ऑटो चालक मिथिलेश कुमार (30)। ऑटो की तलाशी में ऑफिसर चॉइस और 8 PM कंपनी की शराब की पेटियां मिलीं। साथ ही हाईवर्ड 5000 बीयर की दो पेटियां भी बरामद हुईं। विक्की साव के पास से 50,230 रुपये नकद, गोविंद कुमार से ऑफिसर चॉइस के 27 पाउच, संजय मालाकार से 25 पाउच और शार्दुल कुमार से एक टच स्क्रीन मोबाइल मिला। पूछताछ में शार्दुल ने खुलासा किया कि गिरोह लखीसराय से आता है और विक्की साव के संपर्क में रहता है। बंगाल से शराब लोड कर ऑटो से चित्तरंजन स्टेशन लाते हैं। वहां से ट्रेन के जरिए बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं। कोई वैध कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने हवलदार उमेश राय और आरक्षी प्रदीप शाह की मौजूदगी में शराब, नकदी और ऑटो जब्त कर लिया। पांचों आरोपियों पर धारा आईपीसी और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि जब्त सामान और आरोपियों को थाने लाकर औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।